बीएलएम स्कूल में शनिवार को कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय की प्रार्थना सभा का संचालन 79 यूके एनसीसी बटालियन के कैडेट्स ने किया। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने कारगिल युद्ध पर आधारित एक प्रेरणादायक नाट्य प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान से अवगत कराया। साथ ही कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के जीवन, उनके शौर्य और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक जानकारी भी साझा की। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. गायत्री कंवर ने विद्यार्थियों से देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। यहां हेड एडमिन एवं एचआर डॉ. अमर सिंह कंवर, वाइस प्रिंसिपल पूनम क्वात्रा, सीटीओ एवं एनसीसी अधिकारी दीपक जोशी सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।